अगर अच्छे से संभाला जाए तो वैभव पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बन सकता है: रजा

जिम्बाब्वे कप्तान सिकंदर रजा ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बताया और कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर वह बड़ा खिलाड़ी बन सकते हैं।

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हरारे: वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड में भारत के लिए पदार्पण भले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा हो लेकिन जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को लगता है कि अगर 15 साल के इस खिलाड़ी को अच्छे से संभाला जाए तो वह पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बन सकता है।
इस उभरते हुए बल्लेबाज ने इंग्लैंड में तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन बनाए। भारत ने श्रृंखला 0-4 से गंवाई। इनमें से दो पारियों में सूर्यवंशी जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर आउट हुए।
रजा ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘वैभव एक बहुत प्रतिभावान क्रिकेटर है। अगर कोई 15 साल का बच्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है तो सिर्फ दो या तीन मैच के बाद उसकी बुराई करना सही नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वैभव के आस-पास बहुत सारे बहुत अच्छे सीनियर क्रिकेटर हैं। अगर उसे अच्छे से संभाला जाए तो मुझे लगता है कि वैभव पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बन सकता है।’’
बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी एक बार फिर हरारे में लौटेंगे जहां उन्होंने जनवरी में अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी।
टीम में संजू सैमसन के नहीं होने से सूर्यवंशी को बृहस्पतिवार से शुरू हो रही श्रृंखला में शीर्ष क्रम में अधिक मौके मिलेंगे।
रजा ने कहा, ‘‘पिछले साल उन्होंने जो किया। भारत अंडर-19 के लिए जो किया और फिर उसी उम्र में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया, ये किसी भी तरह से छोटी उपलब्धियां नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आजकल ऐसी कहानियां सुनने को नहीं मिलतीं। वैभव खास हैं। यह जरूरी होगा कि उन्हें कैसे संभाला जाता है।’’
रजा ने तीन मैच की टी20 श्रृंखला में भारत को प्रबल दावेदार मानने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों टीम के बीच कांटे की टक्कर होगी और उनके पास समान रूप से जीत हासिल करने के मौके होंगे।
विश्व चैंपियन भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसे आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला में उसे चार मैच में हार मिली जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब उसके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की राह पर लौटने का मौका होगा।
रजा ने कहा, ‘‘इस श्रृंखला में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह श्रृंखला बेहद रोमांचक होगी।’’
जिम्बाब्वे ने फरवरी में कोलंबो में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। उसने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की हैं।
रजा ने कहा, ‘‘जहां तक जीत हार का सवाल है तो दोनों टीमों के पास यह श्रृंखला जीतने के बराबर के मौके होंगे। भारत अभी बदलाव के दौर से गुजर रहा है जिससे यह श्रृंखला और अधिक रोमांचक हो गई है। मुझे नहीं लगता कि यह शृंखला एकतरफा होगी।’’
दूसरा और तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 25 और 26 जुलाई खेले जाएंगे।

Share This Article