
रांची: 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विधायक जयराम महतो ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने परीक्षा की CBI जांच, मुख्य परीक्षा स्थगित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
जयराम महतो ने आरोप लगाया कि आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना परीक्षा परिणाम जारी किया गया, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और वैधता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी को दी गई, जो बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के बाद से JPSC और JSSC की परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं और इस बार भी अभ्यर्थियों के साथ न्याय नहीं हुआ। उनका कहना है कि पहली JPSC से शुरू हुआ विवाद अब 14वीं परीक्षा तक जारी है, जिससे युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली पर कमजोर हुआ है।
जयराम महतो ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार दो दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र हित में मामले को गंभीरता से सुनने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

