मुंबई: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने कहा कि उनके टखने की चोट अब काफी बेहतर है और वह अच्छा महसूस कर रहे हैं। चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। इस साल अगस्त में ट्रेनिंग के दौरान टखने में चोट लगने के कारण उन्हें प्रतियोगिताओं से बाहर होना पड़ा। इस चोट के चलते उनका मौजूदा सत्र समय से पहले समाप्त हो गया। इसके कारण उन्हें आइची-नागोया एशियाई खेलों के साथ-साथ डायमंड लीग फाइनल से भी बाहर रहना पड़ा। लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि वह अगले साल दमदार वापसी करेंगे। यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चोपड़ा ने कहा, ‘‘2028 के ओलंपिक में अभी काफी समय बाकी है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, मैं वापसी की राह पर हूं और टखने की चोट अब काफी हद तक ठीक है और मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं। ’’ चोपड़ा ने कहा, ‘‘अब मेरा ध्यान अगले साल दमदार वापसी करने पर है। चोट के कारण मैं जो प्रदर्शन नहीं कर सका, वो दिखाना चाहता हूं। ’’ इस स्टार एथलीट ने एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले यशवीर सिंह और कांस्य पदक जीतने वाले रोहित यादव के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘यशवीर ही नहीं, रोहित ने भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। ‘‘अगर पिछले एशियाई खेलों की बात करें तो हमने दो पदक (एक स्वर्ण और एक रजत) जीते थे। इस बार किशोर (जेना) और मेरे प्रतियोगिता में नहीं होने के बावजूद भारत ने दो पदक जीते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नए और युवा खिलाड़ियों का उभरकर सामने आना भारत के लिए बहुत अच्छा संकेत है। इससे पता चलता है कि देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। मैं उनसे कहूंगा कि वे अपना अच्छी तरह ध्यान रखें, चोटों से बचें और इस खेल का आनंद लेते रहें। ’’


