
Simdega Woman Death : सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में एक महिला का शव जंगल से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना टुटीकेल पंचायत के सोकोरला गुनाडाढ़ी जंगल की है।
मृतका की पहचान पुरनापानी निवासी कर्मी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार सुबह महुआ चुनने जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजन खोजबीन के लिए जंगल पहुंचे, जहां वह महुआ पेड़ के नीचे घायल अवस्था में मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
परिजनों का दावा है कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई है, क्योंकि शव पर हमले के निशान पाए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

