
Jharkhand School Inspection : रांची जिले के मांडर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लापुंग प्रखंड में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण के दौरान शिल्पी नेहा तिर्की ने अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री तिर्की ने कई विद्यालयों का दौरा कर वहां की आधारभूत सुविधाओं, पढ़ाई व्यवस्था और स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में फर्नीचर, खिड़कियों और दरवाजों की जर्जर हालत सामने आई। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करने का माध्यम है। इसलिए इसे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ संभालना जरूरी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की और खुद भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को मिलने वाले भोजन में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने स्कूल परिसरों को स्वच्छ रखने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों को कहा गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
मंत्री तिर्की ने भरोसा जताया कि इस तरह के नियमित निरीक्षण और सख्त निर्देशों से जल्द ही स्कूलों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

