
Fourth Grade Recruitment Protest: पलामू में फोर्थ ग्रेड बहाली को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और सदर एसडीएम संजय पांडेय ने मुलाकात कर बातचीत की। हालांकि, बातचीत के बाद भी छात्रों ने आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया।
शनिवार शाम पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और सदर एसडीएम संजय पांडेय के नेतृत्व में प्रशासन की टीम भूख हड़ताल पर बैठे छात्र सत्यनारायण शुक्ला से मिलने पहुंची। काफी देर तक चली बातचीत में अधिकारियों ने छात्रों की मांगों पर चर्चा की, लेकिन आंदोलन खत्म करने को लेकर सहमति नहीं बन सकी।
भूख हड़ताल पर बैठे सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो सोमवार को छात्र आत्मदाह जैसा कदम उठाने की बात कह रहे हैं। प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने और आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल भूख हड़ताल जारी है।
लिखित परीक्षा के आधार पर बहाली की मांग
छात्रों का कहना है कि पलामू में फोर्थ ग्रेड यानी चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली लिखित परीक्षा के आधार पर होनी चाहिए। सत्यनारायण शुक्ला के नेतृत्व में छात्र इस मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
दरअसल, वर्ष 2025 में फोर्थ ग्रेड बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें मेरिट के आधार पर नियुक्ति की बात कही गई थी। हालांकि, उस समय झारखंड में चतुर्थ वर्गीय पदों पर नियुक्ति को लेकर नियमावली नहीं होने के कारण बहाली प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था।
अब छात्र लिखित परीक्षा के जरिए पारदर्शी तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच सोमवार को फिर बातचीत होनी है। इसके बाद आंदोलन को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा।

