
रांची: झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और अस्मिता से जुड़े सखुआ वृक्ष को रांची की हरियाली का प्रतीक बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल की। इक्कीसो महादेव मंदिर परिसर से सखुआ महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सखुआ का पौधा लगाकर इस महाअभियान की शुरुआत की।
यह अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रांची को अधिक हरा-भरा, पर्यावरण-अनुकूल और सुंदर शहर बनाने के लिए जनभागीदारी आधारित हरित संकल्प है। पूरे सावन माह चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर एक लाख सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे।
पौधारोपण के साथ संरक्षण का संदेश
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सखुआ का पौधा लगाते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष का रूप लेकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण प्रदान करें।
सखुआ महोत्सव बनेगा जन-आंदोलन
महापौर रोशनी खलखो ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि सखुआ महोत्सव-2026 रांची में हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकल्प है।
उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को अपना अभियान समझें और पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि एक पौधा एक परिवार, एक पौधा एक संस्था और एक पौधा एक मोहल्ले की जिम्मेदारी बने, तो रांची की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।
झारखंड की पहचान का वृक्ष

उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि सखुआ केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और जनजीवन से गहराई से जुड़ी पहचान है। रांची शहर में एक लाख सखुआ पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और आने वाले वर्षों में विकसित होकर शहर के हरित आवरण को मजबूत करें। इसके लिए निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
पूरे सावन चलेगा महाअभियान
रांची नगर निगम द्वारा आयोजित सखुआ महोत्सव-2026 पूरे सावन माह तक चलेगा। अभियान के तहत निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गली-मोहल्लों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, खुले स्थानों एवं अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे।
अभियान का व्यापक उद्देश्य रांची के हरित आवरण का विस्तार, पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना, वायु गुणवत्ता में सुधार, नागरिकों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना तथा पौधारोपण को जनभागीदारी का स्थायी संस्कार बनाना है।
जनप्रतिनिधियों ने लिया हरित संकल्प
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री-सह-सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक रांची सी.पी. सिंह, विधायक हटिया नवीन जायसवाल, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर श्री नीरज कुमार, पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त सहित रांची नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

