Ranchi: रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के जारंगडीह निवासी 22 वर्षीय हरिशंकर पासी उर्फ हरिशंकर के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 24 सितंबर की रात करीब 10 बजे वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर रांची-पुरुलिया मेन रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 11:10 बजे रांची की ओर से एक स्कूटी पर दो युवक आते दिखे, जिन्हें संदिग्ध लगने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही स्कूटी चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया, हालांकि पीछे बैठा दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
पकड़े गए युवक से जब स्कूटी के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद उसकी तलाशी लेने पर जेब से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने और उसके साथी ने मिलकर 22 सितंबर की रात रिंग रोड किनारे गोदलीपोखर और टाटीसिलवे क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बंद घरों का ताला तोड़कर इन आभूषणों की चोरी की थी।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और उसका साथी घूम-घूमकर चाकू और छुरी में धार लगाने का काम करते थे। इसी आड़ में वे बंद घरों की रेकी करते थे और रात के वक्त मौका पाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने का टोप 1 जोड़ा, सोने की बाली 1 जोड़ा, चांदी की चेन, पायल, बाली, मोती माला और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी को जब्त कर लिया है। टाटीसिलवे थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फरार दूसरे साथी की तलाश जारी है।


