
कनाडा : सोशल मीडिया पर अक्सर लोगों को ट्रोल का सामना करना पड़ता है, लेकिन झारखंड की बेटी रैचेल ने इसका जवाब गुस्से से नहीं बल्कि ह्यूमर से दिया और देखते ही देखते इंटरनेट पर छा गईं। दरअसल कनाडा के टोरंटो में रह रही रैचेल @really_ratchel नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से वीडियो शेयर करती हैं। उनके एक पोस्ट पर किसी यूजर ने कमेंट किया – ‘टोरंटो में बर्तन मांजने का कितना मिलता है?’
यह कमेंट स्टीरियोटाइप और ताना भरा था।लेकिन रैचेल ने इसका जवाब एक पूरे वीडियो से दिया। वीडियो में उन्होंने अपने “आम कामकाजी दिन” को दिखाया। शुरुआत में उन्होंने वही कमेंट जोर से पढ़ा और कहा, “तो आज हम लोग देखेंगे टोरंटो में बर्तन कैसे धोते हैं।”
इसके बाद उन्होंने बस और मेट्रो लेकर अपने ऑफिस का सफर दिखाया। ऊंची बिल्डिंग में ID कार्ड से एंट्री ली, डेस्क पर बैठकर काम किया और सबसे पहले अपने लिए कॉफी बनाई। स्क्रीन पर लिखा – ‘बर्तन धोने से पहले कॉफी पी लूं।’
कई स्क्रीनों वाली डेस्क, सहकर्मियों के साथ लंच और ऑफिस से टोरंटो का खूबसूरत नजारा दिखाते हुए उन्होंने आखिर में खाली कॉफी कप उठाकर कहा, “मैं लगभग भूल ही गई थी, मुझे तो बर्तन धोने हैं। बाय फ्रेंड्स, अब अगले दिन बर्तन धोने आऊंगी।”वीडियो मजाक में खत्म करते हुए उन्होंने उस ट्रोल कमेंट को ही अपनी “पार्ट-टाइम जॉब” बता दिया।
यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। एक्ट्रेस नुपुर सेनन समेत हजारों यूजर्स ने रैचेल के जवाब की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा – ‘भारतीयों द्वारा सेवा क्षेत्र की नौकरियों को कम महत्व देना उन हजारों कारणों में से एक है जिनकी वजह से लोग विदेश चले जाते हैं! विदेश में लोग हर पेशे का सम्मान करते हैं।’

