
भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल के टीटी नगर में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया और फिर अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मध्यप्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से 17 तारीख तक चलने वाले इस अभियान के दौरान आजीवन देश सेवा का संकल्पलेने का आह्वान भी किया।
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और इस दौरान आलम यह था कि बारिश के बीच भी लोगों का जोश कम नहीं हुआ।
देश भक्ति गानों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच मुख्यमंत्री ने मंच पर तिरंगा लहराया और कहा, “आज इंद्र देवता भी सारे देशभक्तों-वीरों का स्वागत कर रहे हैं।”
यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान छेड़ा गया है और साल 1942 के महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज एक साथ सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं और देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों द्वारा दिए गए बलिदान-संघर्ष और अहिंसक आंदोलन से देश में जो ज्वार उठा, उसकी वजह से 5 साल बाद अंग्रेज भारत छोड़कर चले गए और देश को स्वतंत्रता मिली।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली इस आजादी को इस साल 15 अगस्त को 80 साल हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों से हल घर तिरंगा अभियान में शामिल होने और आजीवन देश की सेवा करते रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत 2022 में हुई थी, जिसका उद्देश्य लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस वर्ष अभियान का विशेष महत्व है, क्योंकि यह राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के साथ मनाया जा रहा है।

