
31 जुलाई को “लोयोला डे” के साथ होगा भव्य आयोजन, 15 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न
लातेहार: महुआडांड स्थित संत जेवियर कॉलेज (ऑटोनॉमस) अपने गौरवशाली 15 वर्षों की सफल यात्रा का जश्न मनाने जा रहा है। इस खास मौके पर 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को कॉलेज परिसर में क्रिस्टल जुबली कम लोयोला डे सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से कॉलेज के SXCM ऑडिटोरियम में शुरू होगा। कॉलेज के प्राचार्य फादर एम.के. जोश ने बताया कि NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त इस स्वायत्त महाविद्यालय ने वर्ष 2011 से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसी उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए इस वर्ष समारोह की थीम “15 Years of Illuminating Minds & Transforming Futures” रखी गई है।
कृतज्ञता, चिंतन और उत्सव का होगा संगम
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, यह आयोजन केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं बल्कि ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करने और सेंट इग्नाटियस ऑफ लोयोला के आदर्शों को याद करने का अवसर भी होगा। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, पूर्व छात्र और आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।
15 साल में हजारों विद्यार्थियों का संवारा भविष्य
संत जेवियर कॉलेज, महुआडांड ने पिछले 15 वर्षों में हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा की भावना से जोड़ने का काम किया है। NAAC A+ मान्यता प्राप्त यह संस्थान क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरणादायक संबोधन और कॉलेज की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। आयोजन के जरिए कॉलेज अपनी अब तक की उपलब्धियों को साझा करने के साथ भविष्य की नई दिशा भी तय करेगा।
क्षेत्रवासियों को दिया गया विशेष आमंत्रण
कॉलेज प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सभी की गरिमामयी उपस्थिति इस उत्सव को और यादगार बनाएगी। साथ ही, ईश्वर के आशीर्वाद और सेंट इग्नाटियस ऑफ लोयोला के प्रेरणादायी सिद्धांतों को स्मरण करते हुए इस विशेष दिन को मिलकर मनाने का आग्रह किया गया है। समस्त प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं की ओर से क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया है।

