

महुआडांड़ (लातेहार): संत जेवियर्स कॉलेज (स्वायत्त), महुआडांड़ ने सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज को हैदराबाद स्थित रिसर्च हाइट्स फाउंडेशन (RHF) द्वारा “सस्टेनेबल कॉलेज कैंपस रिकग्निशन” के अंतर्गत प्रतिष्ठित प्लैटिनम कैटेगरी से सम्मानित किया गया है।





हैदराबाद में मिला सम्मान
गाचीबोवली के शांति सरोवर ग्लोबल पीस ऑडिटोरियम में 2026 में आयोजित “भारत एनवायरनमेंट प्रोग्राम – नेशनल इम्पैक्ट समिट एंड अवार्ड्स 2026” में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक सिस्टर चंद्रोदय ने भाग लिया। आरएचएफ एवं ईपीटीआरआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें पर्यावरणीय स्थिरता, जलवायु कार्रवाई और उत्तरदायी विकास के प्रति योगदान के लिए सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन प्रदान किया गया।
अर्थ वीक से मिली पहचान
यह सम्मान 22 से 29 अप्रैल 2026 तक “भारत एनवायरनमेंट प्रोग्राम” के तहत आयोजित अर्थ वीक सेलिब्रेशन में आठ प्रमुख गतिविधियों के सफल संचालन के लिए मिला। इनमें ग्रीन एक्शन, सस्टेनेबल अवेयरनेस, कैंपस ग्रीन ऑडिट, कम्युनिटी आउटरीच, जीरो प्लास्टिक ड्राइव, वेस्ट मैनेजमेंट, सस्टेनेबिलिटी प्लेज और सस्टेनेबल आइडियाज शामिल थे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण
5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस पर महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य, प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण का संकल्प लिया।
झारखंड के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि यह सम्मान न केवल संत जेवियर्स कॉलेज बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। इसका श्रेय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों को जाता है। संस्थान ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर निर्माण और सतत विकास के लक्ष्यों को लेकर लगातार काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
