
रांची : पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा है कि स्वर्गीय शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे झारखंड के लिए गर्व, सम्मान और भावनाओं का क्षण है। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस संघर्ष, त्याग, समर्पण और जनआंदोलन का सम्मान है, जिसने झारखंड की पहचान और अस्मिता को नई दिशा दी।
शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, दूरदर्शिता और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
यद्यपि आज वे हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, किंतु उनके विचार, सिद्धांत और सपने प्रत्येक झारखंडवासी के हृदय में जीवित हैं। उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग हमें सामाजिक न्याय, समानता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उनका जीवन और संघर्ष सदैव अमर रहेगा।

