
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत जेपीएससी से चयनित खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों, सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर्स और फाइनेंस मैनेजर्स को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्तियां कर युवाओं को अवसर देने और जनसेवाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
डॉक्टरों के साथ-साथ हॉस्पिटल मैनेजर्स और फाइनेंस मैनेजर्स की नियुक्ति से अस्पतालों की व्यवस्था को अधिक पेशेवर, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
जितनी बड़ी भूमिका डॉक्टरों की इलाज में है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी अस्पतालों के कुशल संचालन और वित्तीय प्रबंधन की भी है। हमारा प्रयास है कि डॉक्टरों का अधिकतम समय मरीजों की सेवा में लगे और प्रशासनिक व प्रबंधन संबंधी दायित्व प्रशिक्षित टीम संभाले। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं केवल भवनों से नहीं, बल्कि संवेदनशील और समर्पित मानव संसाधन से निर्मित होती हैं।

