सुलतानपुर में आयुर्वेदिक दवा विक्रेता का शव गन्ने के खेत में मिला, बेटी ने हत्या की आशंका जताई

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में गन्ने के खेत से एक आयुर्वेदिक दवा विक्रेता का शव मिलने से सनसनी फैल गई, बेटी ने हत्या की आशंका जताई है।

Razi Ahmad
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सुलतानपुर (उप्र): सुलतानपुर जिले में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक आयुर्वेदिक दवा विक्रेता का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की बेटी ने हत्या की आशंका जताते हुए इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कोहरा गांव निवासी 55 वर्षीय बखेड़ू गौड़ के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह गांव-गांव जाकर आयुर्वेदिक दवाएं बेचने का काम करता था।

सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के पास पसिया पारा गांव में गौड़ का शव दानपति यादव के गन्ने के खेत में मिला।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक की बेटी अंशिका ने पुलिस को बताया कि उसके पिता करीब चार दिन पहले घर से साइकिल से निकले थे, तब से वह घर नहीं लौटे थे और रविवार सुबह उनका शव गन्ने के खेत में मिलने की जानकारी मिली।

अंशिका के मुताबिक, उनके पिता के सिर पर चोट के निशान थे और घटनास्थल पर उनकी साइकिल भी नहीं मिली और उनके पैरों में चप्पल भी नहीं थी। उसने अपने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

घटना की जानकारी मिलने पर कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम, दोस्तपुर के थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस को मौके से कुछ गिलास और अंग्रेजी शराब की एक बोतल मिली है।

क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि नशे की स्थिति में दुर्घटनावश उनकी मौत हुई हो सकती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।