सन फार्मा 11.75 अरब डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का करेगी अधिग्रहण

सन फार्मा 11.75 अरब डॉलर में ऑर्गेनॉन का अधिग्रहण कर वैश्विक फार्मा बाजार में बड़ी छलांग लगाने जा रही है, जिससे यह दुनिया की शीर्ष दवा कंपनियों में शामिल हो सकती है।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड 11.75 अरब अमेरिकी डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का पूरी तरह से नकद सौदे में अधिग्रहण करेगी। यह किसी भी भारतीय कंपनी द्वारा विदेश में किए गए सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक होगा। कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने एक अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड इसके तहत ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से खरीदेगी। यह पूरा सौदा नकद में होगा और इसका उद्यम मूल्यांकन 11.75 अरब डॉलर है। ऑर्गेनॉन एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा कंपनी है जिसका गठन 2021 में मर्क से अलग होकर हुआ था। इसे अमेरिका और कनाडा के बाहर एमएसडी के नाम से जाना जाता है। इसके यूरोपीय संघ और उभरते बाजारों में छह विनिर्माण संयंत्र हैं।

बयान के अनुसार, सौदा पूरा होने के बाद सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड 12.4 अरब डॉलर के संयुक्त राजस्व के साथ दुनिया की शीर्ष 25 दवा कंपनियों में शामिल हो सकती है। यह स्थापित ब्रांड तथा ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं में एक प्रमुख खिलाड़ी भी बन सकती है।

सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड का यह अधिग्रहण भारतीय कंपनियों के बड़े विदेशी अधिग्रहणों में शामिल होगा। इससे पहले टाटा स्टील ने 2007 में कोरस का 12 अरब डॉलर में और भारती एयरटेल ने 2010 में कुवैत की जैन टेलीकॉम के अफ्रीकी कारोबार का 10.7 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।