सुरकई वाटरफॉल में पर्यटकों का प्रवेश अस्थाई रूप से बंद, भालू के खतरे को देखते हुए वन विभाग का आदेश

भालुओं की बढ़ती आवाजाही के चलते लातेहार के महुआडांड़ स्थित सुरकई वाटरफॉल पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद, वन विभाग ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चेतावनी जारी की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

महुआडांड़ : महुआडांड़ प्रकृति की गोद में बसा लातेहार जिले का प्रसिद्ध सुरकई वाटरफॉल पर्यटकों के लिए अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। वन प्रक्षेत्र महुआडांड़ ने जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया है।वन विभाग द्वारा वाटरफॉल से लगभग 4 किलोमीटर पहले चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। बोर्ड में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि यह क्षेत्र भालू प्रभावित क्षेत्र है और यहां भालुओं की निरंतर आवाजाही रहती है।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

बोर्ड के अनुसार बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के आगे जाना सख्त मना है।साथ ही चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति वन क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः वर्जित है। पकड़े जाने पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 एवं भारतीय वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह आदेश वन प्रक्षेत्र, महुआडांड़ द्वारा जारी किया गया है। सुरकई वाटरफॉल झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित है। मानसून के मौसम में यहां पर्यटकों और पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ती है। लेकिन जंगली जानवरों, विशेषकर भालुओं के बढ़ते मूवमेंट के कारण वन विभाग ने एहतियातन यह कदम उठाया है।

वनपाल ने दी जानकारी

इस संबंध में महुआडांड़ वन विभाग के वनपाल गुरु दयाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। क्षेत्र में भालुओं की गतिविधि बढ़ने के कारण यह प्रतिबंध लगाया गया है। स्थिति सामान्य होने और सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद ही वाटरफॉल को आम लोगों के लिए खोला जाएगा।विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करें। अनुमति के लिए इच्छुक पर्यटक महुआडांड़ वन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।इस फैसले से स्थानीय लोगों में मिश्रित प्रतिक्रिया है, लेकिन सभी ने सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग के निर्णय का स्वागत किया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।