
लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड के ओरसा पंचायत के चीरो निवासी स्मिता नागेसिया, 35 वर्ष, पति रमेश नागेसिया पर शुक्रवार देर शाम 6 बजे चीरो बस्ती में घर के सामने भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। महिला चटकपुर बाजार से घर लौट रही थी तभी झाड़ियों से निकले भालू ने उस पर हमला बोल दिया।
108 सेवा फेल,समाजसेवी सलमान ने बचाई जान
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन काफी देर तक फोन रिसीव नहीं हुआ एंबुलेंस नहीं पहुंचने से स्थिति और गंभीर हो गई। इसी बीच समाजसेवी सलमान अहमद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवीयता दिखाते हुए घायल महिला को अपने निजी फोर व्हीलर से महुआडांड़ सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए लातेहार रेफर कर दिया। रेफर करने के लिए भी 108 के लिए कॉल किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मामले की जानकारी मिलते ही लातेहार डीसी संदीप कुमार और सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित खलखो ने तत्काल हस्तक्षेप किया रात्रि में 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई और महिला को लातेहार बेहतर इलाज के लिए भेजा गया।डीसी ने रात्रि में भी पीड़ित परिवार का साथ देकर यह साबित किया कि प्रशासन संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा है।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर बोला हमला
इस घटना पर झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। एक घायल महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। यह सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की लाचारी हैउन्होंने सरकार से 108 सेवा को दुरुस्त करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
वन विभाग ने दी सहायता
घटना की सूचना पर वनपाल गुरुदयाल सिंह, प्रभारी वनपाल ओम प्रकाश पाल और वनकर्मी सुनील मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तात्कालिक सहायता राशि दी और मुआवजे का आश्वासन दिया।ओरसा मुखिया अमृता देवी ने भी ग्रामीणों से जंगल से सटे इलाकों में सतर्क रहने और शाम के बाद घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

