

रांची: लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के साथ नदी के जलीय जीव अब रिहायशी इलाकों के आसपास नजर आने लगे हैं। मंगलवार सुबह सरायकेला-खरसावां जिले के देरांग घाट के पास एक मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ देखे जाने की खबर कुछ ही देर में आसपास के गांवों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।





ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे नदी के किनारे मगरमच्छ को तैरते हुए देखा गया। लोगों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते नदी किनारे भीड़ जुट गई। लोगों के शोर मचाने पर मगरमच्छ बीच-बीच में अपना मुंह पानी से बाहर निकालता नजर आया। हालांकि, कुछ देर तक हलचल के बाद वह गहरे पानी में चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया। स्थानीय लोगों के लिए यह घटना इसलिए भी चिंता का विषय है, क्योंकि इस इलाके में पहली बार मगरमच्छ देखे जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में जहां कौतूहल है, वहीं नदी के आसपास जाने को लेकर डर का माहौल भी बना हुआ है।
मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ तुरंत देरांग घाट पहुंचे। उन्होंने नदी के अलग-अलग घाटों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे न जाए। साथ ही उन्होंने मगरमच्छ के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करने की अपील की।
