रांची। तमाड़ प्रखंड में आठ वर्षों से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित प्रखंड शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी (बीईपीओ) मुमताज अंसारी के तबादले की मांग तेज हो गई है. इसको लेकर तमाड़ विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास दास के नेतृत्व में कांग्रेसियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रांची उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की.

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि मुमताज अंसारी पिछले आठ वर्षों से अधिक समय से लगातार तमाड़ प्रखंड में एक ही पद पर कार्यरत हैं. कांग्रेस नेताओं ने इतने लंबे समय तक एक ही स्थान पर पदस्थापन को लेकर सवाल उठाते हुए इसे स्थानांतरण संबंधी नियमों के अनुरूप नहीं बताया. उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार उनका अविलंब तबादला करने का आग्रह किया.
युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास दास ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित अधिकारियों के कार्यकाल की समीक्षा जरूरी है. उन्होंने उपायुक्त से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की.
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष लखिन्दर कुमार लोहरा, जिला सचिव राजदेव मुंडा, तमाड़ प्रखंड अध्यक्ष रोहिना सेठ, बुंडू नगर अध्यक्ष किशन लायक और अड़की प्रखंड अध्यक्ष रामसाय मुंडा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे.


