Ranchi News: राजधानी रांची से तीन वर्षीय बच्चे के लापता होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है, पंडरा के चौधरी मोहल्ले में घर के बाहर खेल रहे बच्चे को एक अनजान महिला बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चली गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि, महिला बच्चे का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जा रही है।

घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर बच्चे की तलाश में जुट गई। वहीं, लगभग आठ घंटे बाद झिरी के विवेकानंद बस्ती से बच्चे की सुरक्षित बरामदगी हुई।
Read more- Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ेगी कनकनी, 11 डिग्री तक गिरेगा रांची का पारा
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर को जब तीन साल का सिद्धार्थ कुमार घर के बाहर अकेले खेल रहा था। इसी दौरान एक अनजान महिला उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। काफी देर तक बच्चा घर वापस नहीं आया तो उसकी मां रूबी कुमारी ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया, तो उन्होंने रातू थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
लगभग आठ घंटे बाद झिरी से मिला बच्चा
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरु कर दी। खोजबीन के दौरान रात करीब 10:30 बजे सिद्धार्थको झिरी के विवेकानंद बस्ती से सुरक्षित बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि, एक महिला ने बच्चे को एक किराए के कमरे में रखा था। फिलहाल, पुलिस संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर से पूछताछ कर रही है।


