
Gumla news: जंगली हाथियों का उत्पात किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है। कहीं खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो रही हैं, तो कहीं मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। इसी बीच गुमला में हाथियों से प्रभावित किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।
दरअसल, गुरुवार को गुमला जिले के अमलिया पंचायत भवन परिसर में वन विभाग की ओर से मुआवजा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान जंगली हाथियों के हमले और उत्पात से प्रभावित कुल 40 किसानों को मुआवजे का चेक सौंपा गया।
इन किसानों की फसलों और मकानों को हाथियों के कारण नुकसान पहुंचा था। लंबे समय से नुकसान झेल रहे किसानों को मुआवजा मिलने से कुछ आर्थिक राहत मिली है।
मुआवजा वितरण कार्यक्रम में वनरक्षी अकील अहमद समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयनित सभी लाभुकों को चेक प्रदान किया गया।
वहीं, ग्रामीणों ने भी वन विभाग के इस कदम को प्रभावित परिवारों के लिए राहत देने वाला बताया है।
हालांकि, हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात के बीच किसानों की सुरक्षा और उनकी फसलों को बचाना अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।


