तमिलनाडु: शव दफनाने को लेकर विवाद में दो दलितों को पैरों में गिरकर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया

तमिलनाडु के इरोड जिले में कब्रिस्तान विवाद के बाद दो दलितों को कथित तौर पर प्रभावशाली जाति के लोगों के पैरों में गिरकर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पेरुंदुरई (तमिलनाडु): इरोड जिले में पेरुंदुरई के पास पेरुमपल्ली गांव के एक कब्रिस्तान में एक व्यक्ति को दफनाने लेकर हुए विवाद के बाद दो दलितों को प्रभावशाली जाति के लोगों के पैरों में गिरकर माफी मांगने के लिए कथित तौर पर मजबूर किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दोनों व्यक्तियों को अन्य लोगों के पैरों में गिरने के लिए मजबूर करते हुए देखा जा सकता है। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण पांच अक्टूबर को 90 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के लोग उसके शव को दफनाने के लिए लेकर आए।

हालांकि, प्रभावशाली समुदाय के लोगों ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने बताया कि तीखी बहस के दौरान प्रभावशाली समुदाय के लोगों ने दलित ग्रामीणों को कथित तौर पर धमकी दी कि उन्हें भविष्य में इलाके में रोजगार हासिल करने नहीं दिया जाएगा। आर्थिक बहिष्कार की धमकी के कारण दो दलितों को प्रभावशाली जाति के ग्रामीणों के पैरों में गिरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

इस घटना के बाद पेरुंदुरई के राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर थिंगलूर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मामला दर्ज किया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। बाद में पुलिस सुरक्षा और राजस्व विभाग के अधिकारियों की निगरानी में शव को दफनाया गया। सूत्रों ने बताया कि यह घटना इलाके में पहले से व्याप्त जातिगत भेदभाव का नतीजा लगती है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।