चेन्नई : केरलम में भूस्खलन में जान गंवाने वाली चेन्नई निवासी रेलकर्मी के पार्थिव शरीर को गृह राज्य वापस लाने के लिए तमिलनाडु सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पार्थिव शरीर को लाने के लिए तमिलनाडु सरकार केरलम सरकार के साथ लगातार समन्वय कर रही है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, तिरुषूलम रेलवे स्टेशन पर ‘काउंटर क्लर्क’ के रूप में तैनात संगीता अरुल लाल दक्षिण रेलवे अधिकारियों की एक बैठक में शामिल होने के लिए पड़ोसी राज्य केरलम के कोट्टायम गई थीं।
केरलम पुलिस के मुताबिक, संगीता और तमिलनाडु निवासी उनकी एक महिला मित्र कोट्टायम के एक पर्यटक स्थल वागामोन की सैर कर लौट रही थीं, तभी रविवार शाम को यह भूस्खलन हुआ। पुलिस ने बताया कि सड़क पर भारी मात्रा में मिट्टी आ गिरी, जिससे स्कूटर चला रही संगीता उसकी चपेट में आ गईं और फंस गईं। वहीं, उनकी दोस्त किसी तरह चोटिल हालत में बचने में सफल रही, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और संगीता को बचाने के लिए मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने बताया कि बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घायल महिला की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उसके परिवार वालों से संपर्क किया गया है।


