रांची : चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति इस बार द्वारका मंदिर का प्रारूप बना रही है। कान्हा की झांकियां अंदर दिखाई देंगी। चतुर्थी को पंडाल का पट खुल जाएगा। कोलकाता के कारीगर निर्माण में लगे हैं। समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि हनुमान अंश के प्रसिद्ध गायक सुनील लोधी अपनी 18 सदस्यीय टीम के साथ 18 अक्टूबर को मां के चरणों में भजन पेश करेंगे। इस बार पंडाल निर्माण में 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके पूर्व सर्जना चौक स्थित राम मंदिर पूजा प्रांगण में बैठक की गई।
बैठक में विगत वर्ष की कमेटी को भंग कर 2026 की नई कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। रमेश सिंह को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं संस्थापक सदस्य रामानंद ठाकुर को महासचिव बनाया गया। वर्ष 1971 से आकस्मिक कारणों को छोड़कर चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की ओर से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन सरहुल रामनवमी के अवसर पर सेवा शिविर एवं समय-समय पर अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन करता आ रहा है। इस मौके पर चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की वेबसाइट भी लांच की गई। इस पर समिति से जुड़ी हर गतिविधि और पूजा पंडाल का हर अपडेट आपको मोबाइल पर मिलता रहेगा। पंडाल में लाइटिंग थ्रीडी एनिमेशन होगा, जो दर्शनार्थियों को अपनी और आकर्षित करेगा।


