कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सेंसेक्स 564 अंक चढ़ा, निफ्टी में लगातार चौथे दिन तेजी

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई : कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को तेजी रही और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 564 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 68 अंक मजबूत हुआ। विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल में नरमी के अलावा विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने और वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से बाजार में तेजी आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 692.44 अंक चढ़कर 74,987.40 अंक तक पहुंच गया था।

इसी तरह, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी लगातार चौथे दिन बढ़त में रहा और यह 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 23,414.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 4.11 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा, एचसीएल टेक, इटर्नल, टाइटन, आईटीसी और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, इन्फोसिस और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 2.36 प्रतिशत टूटकर 101.4 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 599.54 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स शुक्रवार को 19.63 अंक की गिरावट के साथ 74,294.96 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी लगातार तीसरे दिन 75.80 अंक चढ़कर 23,346.40 अंक पर रहा था।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।