ठाणे: ठाणे स्थित मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) ने चार साल पहले ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में मारे गए 30 वर्षीय एक पुलिसकर्मी के परिवार को 1.1 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिए जाने का आदेश दिया है।

घनश्याम ब्रह्मदेव गायकवाड़ 13 नवंबर 2022 को शहर के नितिन फ्लाईओवर के एक हिस्से पर गश्त कर रहे थे, तभी एक ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस हेड कांस्टेबल गायकवाड़ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अधिकरण ने नवी मुंबई स्थित ट्रेलर मालिक ‘मेसर्स पूजा कंटेनर्स मूवर्स’ के खिलाफ एकतरफा कार्यवाही की। बीमा कंपनी ने पुलिसकर्मी पर ही दोष मढ़ने की कोशिश की और दावा किया कि वह बिना हेलमेट के लापरवाही से मोटरसाइकिल चला रहे थे तथा फिसलकर ट्रेलर के सामने आ गए। कंपनी ने यह भी दावा किया कि ट्रेलर चालक के पास वैध दस्तावेज नहीं थे।
अधिकरण ने बृहस्पतिवार को सुनाए अपने फैसले में कहा कि यह दुर्घटना पूरी तरह से ट्रेलर चालक द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई थी।
अधिकरण ने कहा, ‘‘रिकॉर्ड में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे मृतक की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही साबित होती हो।’’
अधिकरण ने यह भी माना कि बीमा कंपनी यह साबित नहीं कर पाई कि दुर्घटना के समय ट्रेलर चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था या वाहन के आवश्यक परमिट और फिटनेस दस्तावेज नहीं थे।
अधिकरण ने कहा, ‘‘बीमाधारक द्वारा बीमा पॉलिसी के नियमों और शर्तों का कोई उल्लंघन नहीं किया गया है।’’
अधिकरण के सदस्य आर. वी. मोहिते ने इस बात पर गौर किया कि गायकवाड़ महाराष्ट्र सरकार के कर्मचारी थे और उनका कुल मासिक वेतन 56,432 रुपये था। उन्होंने ट्रेलर मालिक और बीमा कंपनी को संयुक्त रूप से तथा अलग-अलग, एक महीने के भीतर गायकवाड़ के परिवार को याचिका दायर करने की तारीख से नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ 1.1 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का निर्देश दिया।
दावेदारों की ओर से अधिवक्ता एस. एम. पवार पेश हुए, जबकि अधिवक्ता पी. टी. सोनार ने बीमा कंपनी का प्रतिनिधित्व किया।


