रांची : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले व्हिसिल बिलोवर पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता और यातना दिए जाने के मामले में गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने माननीय झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से इस प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने तथा अपनी निगरानी में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।

श्री मरांडी ने कहा कि सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि सिमडेगा से कुछ स्थानीय लोगों ने मुझे पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिसिया बर्बरता की जो जानकारी दी है, वह बेहद गंभीर और विचलित करने वाली है। आरोप है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए घंटों उनकी पिटाई की। मुझ तक पहुँचे इस विवरण की स्वतंत्र पुष्टि होनी बाकी है। अभिषेक की हालत को देखते हुए मेरी पहली माँग है कि उन्हें समुचित इलाज मिले और वे बिना किसी पुलिसिया दबाव के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष अपनी बात रख सकें।
श्री मरांडी ने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 की रात से 27 नवंबर के अपराह्न करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ रुक-रुककर मारपीट हुई। आरोप है कि उनके तलवों पर बार-बार लाठियाँ मारी गईं, उँगलियों के बीच पेंसिल फँसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किए गए और उन्हें मुँह के बल लिटाकर पीटा गया। इस दौरान कथित तौर पर उनसे बार-बार कहा गया कि अदालत में वही बोलना है जो पुलिस उनसे कहेगी।
श्री मरांडी ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि एक समय अभिषेक ने गिड़गिड़ाकर कहा कि पुलिस जो लिखवाना चाहे, लिखवा ले, चाहे तो सादे कागज़ों पर हस्ताक्षर करा ले, बस पिटाई बंद कर दे, वरना उनकी जान चली जाएगी। इसके बाद वे कथित तौर पर बेहोश हो गए। यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में इस हालत तक पहुँचा दिया जाए कि वह अपनी जान बचाने के लिए खाली कागज़ पर भी दस्तख़त करने को तैयार हो जाए, तो जाँच उस हर कागज़ की भी होनी चाहिए जिस पर हिरासत के दौरान उसके हस्ताक्षर लिए गए हों।
श्री मरांडी ने कहा कि अदालत में पेशी के समय क्या हुआ, इसकी भी जाँच हो। मिले विवरण के अनुसार, जब अभिषेक को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वे अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। कहा गया है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहाँ वे बेहोश होकर गिर पड़े। लोगों का कहना है कि उनकी हालत देखकर न्यायालय ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया। इसके बावजूद पुलिस कथित तौर पर उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई और हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुँचाया। मुझे मिली अंतिम सूचना में बताया गया कि अभिषेक अस्पताल के बिस्तर पर अचेत थे। उनकी वर्तमान स्थिति की प्रामाणिक जानकारी अस्पताल प्रशासन ही दे सकता है।
उन्होंने आगे लिखा है कि इसी घटनाक्रम से जुड़ा एक और गंभीर आरोप है। बताया गया है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का मोबाइल से वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाया गया। आरोप है कि उनके मोबाइल अपने कब्ज़े में लेकर उन्हें करीब चार घंटे तक वहाँ बैठाए रखा गया और रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद रात में छोड़ा गया। उन तीनों पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर मिलना चाहिए। यदि उनके फोन से रिकॉर्डिंग मिटाई गई है, तो यह भी सामने आना चाहिए कि ऐसा किसने और किसके निर्देश पर किया।
श्री मरांडी ने इस संबंध में सिमडेगा एसपी से सीधा सवाल पूछा है कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी और अदालत में पेश करते समय क्या थी? पेशी के बाद उन्हें कहाँ ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुँचाया गया? इन सवालों के जवाब थाने की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं। जनता के सामने समय और रिकॉर्ड के साथ तथ्य रखे जाएँ।
श्री मरांडी ने झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से इस प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने और स्वतंत्र जाँच अपनी निगरानी में कराने का अनुरोध किया है। साथ ही पाकरटांड़ और टाउन थाने की संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत व पेशी के दस्तावेज़, न्यायालय परिसर की उपलब्ध फुटेज और सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित कराए जाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जाँच कराकर उनकी चोटों का पूरा विवरण दर्ज हो। चिकित्सकीय रूप से सक्षम होते ही उनका बयान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में लिया जाए।
श्री मरांडी ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए उन्हीं अधिकारियों पर निर्भर होता है, जिनके पहरे में वह बंद है। उस भरोसे को तोड़ने का आरोप वर्दी पहनने वाले किसी भी अधिकारी पर लगे, तो जवाबदेही भी उतनी ही स्पष्ट होनी चाहिए। भाजपा ऐसी दमनात्मक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी। जाँच में जिनकी भूमिका सामने आए, उनके विरुद्ध पद, प्रभाव की परवाह किए बिना कानूनसम्मत कार्रवाई हो। सिमडेगा के लोगों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि थाने के भीतर हुई घटना पर भी वे निर्भय होकर बोल सकते हैं और उनकी बात सुनी जाएगी।
Also read: Ranchi News: AI से लड़कियों की तस्वीरें बना रहे अश्लील, बदनामी के डर से कई ने छोड़ा स्कूल-कॉलेज


