चचेरे साले की शादी में ससुराल गए युवक का शव फंदे से लटका मिला

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

suicide case in palamu :चचेरे साले की शादी में ससुराल गए एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। ससुराल से 500 मीटर दूर शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को MRMCH में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।

शनिवार को शव का दाह संस्कार किया गया। यह मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाजार स्थित कुसुम टोला का है। युवक की पहचान यहां के रहने वाले 25 साल के मंटू भुइयां, पिता रामवृक्ष भुइयां के रूप में हुई है।

मंटू की मां हिरोइया देवी और भाई चंदन कुमार ने मृतक के सास और साले पर मारपीट कर फांसी के फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ससुराल में रहते हुए मंटू ने घर में बंद कर सास और साले पर मारपीट करने की जानकारी दी थी। बाद में खुदकुशी करने की जानकारी दी गई।

उनके घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग पुलिस के सहयोग से शव को फंदे से उतार दिया था। पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय रास्ते में टेंपो में शव दिखाया गया।

मृतक की मां के अनुसार 14 अप्रैल को मंटू अपने घर से 10 किलोमीटर दूर हुटार पंचायत के चाड़ो ससुराल गया था। उसके चचेरे साले का तिलक था। शादी कार्यक्रम में ही सास और साले ने पिटाई की और फिर फंदे पर लटका दिया। मां ने मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने की जानकारी दी है।

इसी तरह भाई चंदन ने आरोप लगाते हुए कहा कि रात में जब उसकी पिटाई की जा रही थी तो फोन पर मंटू ने मारपीट की जानकारी दी थी। आधे घंटे बाद उसकी फांसी लगाकर मौत हो जाने की जानकारी दी गई। उन्हें पूरा संदेह है कि मारपीट कर मंटू की हत्या की गई और फिर खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

मंटू भुइयां के दो बच्चे हैं। दोनों लड़की है। एक चार साल की और एक दो साल की है। बड़ी बेटी ने भी नानी और मामा द्वारा पिता के साथ मारपीट करने की जानकारी दी।

रामगढ़ के थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या था।

Share This Article