रांची : डोरंडा थाना क्षेत्र से लापता तीन वर्षीय मासूम अर्णव कुमार का शव शनिवार सुबह मिलने से इलाके में शोक का माहौल है। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अर्णव शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से लापता था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने डोरंडा थाना को इसकी सूचना दी।
शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास स्थित नाले में मासूम का शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू की गई। बच्चे की मौत की खबर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और परिवार में शोक व्याप्त हो गया।

मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन बताया जा रहा हैं कि घर के सामने नाला हैं जो खुला हुआ हैं जिसके वजह से बच्चा वहां चला गया या गिर गया होगा, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना से डोरंडा क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। शुक्रवार शाम से जिस मासूम की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिवार उसकी तलाश कर रहा था, शनिवार सुबह उसकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। अर्णव डोरंडा के फेमस गिरीश चाट वाले का पोता था।


