तिरुपति अपार्टमेंट में भक्तिमय माहौल में हो रही है मां दुर्गा की आराधना

रांची के कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट के दुर्गा मंदिर में 25 वर्षों से चली आ रही पूजा श्रद्धा और उल्लास से जारी है। आयोजन सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दे रहा है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट परिसर में स्थापित श्री दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा का उत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं। दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर में विद्वान पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। मां दुर्गा की आराधना, मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है।

पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में तिरुपति सोसायटी की अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित सोसायटी की सभी महिलाएं एवं पुरुष बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। सभी सदस्य मिलकर पूजा की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं। सामूहिक सहभागिता से धार्मिक आयोजन के साथ आपसी सौहार्द, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना भी मजबूत हो रही है। तिरुपति सोसायटी के पूर्व सचिव संजय सर्राफ ने बताया कि तिरुपति अपार्टमेंट परिसर में पिछले लगभग 25 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। यह आयोजन सोसायटी के सदस्यों की अटूट श्रद्धा, धार्मिक आस्था और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है।

प्रत्येक वर्ष नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं। संजय सर्राफ ने दुर्गा पूजा की महत्ता बताते हुए कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस, करुणा और धर्म की प्रतीक हैं।नवरात्र का पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान, सत्य के मार्ग पर चलने तथा बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाने की प्रेरणा देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर धर्म की स्थापना की थी। इसलिए दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देती है।उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना से श्रद्धालुओं को आत्मबल, सकारात्मक ऊर्जा और कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। दुर्गा पूजा जैसे सामूहिक धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश भी देते हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।