चेन्नई : न्यायमूर्ति धर्मलिंगम लिंगेश्वरन और न्यायमूर्ति बी. कार्तिकेयन ने बृहस्पतिवार को मद्रास उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीशों के रूप में शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश एस. ए. धर्माधिकारी ने उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित एक सादे सामारोह में दोनों न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मद्रास उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की मौजूदा संख्या बढ़कर 67 हो गई है, जबकि स्वीकृत संख्या 75 है।

महाधिवक्ता विजय नारायण, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ए आर एल सुंदरेशन, तमिलनाडु एवं पुडुचेरी विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष तथा विभिन्न अधिवक्ता संघों के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त न्यायाधीशों का स्वागत किया। अपने जवाब में, दोनों न्यायाधीशों ने बेंच और बार का धन्यवाद किया। तिरुनेलवेली जिले में 10 मई 1974 को जन्मे न्यायमूर्ति लिंगेश्वरन ने तमिल विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और चेन्नई के डॉ. आंबेडकर विधि महाविद्यालय से विधि स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने नौ अगस्त 2000 को एक वकील के तौर पर पंजीकरण कराया और वकालत की प्रैक्टिस के बाद, 2013 में उनकी सीधी भर्ती जिला न्यायाधीश के पद पर हुई।
नौ दिसंबर 1973 को जन्मे न्यायमूर्ति कार्तिकेयन ने 1996 में विधि स्नातक की डिग्री हासिल की। वकालत के लिए पंजीकरण के बाद उन्होंने मुख्य रूप से दीवानी मामलों में प्रैक्टिस की। उन्हें 2005 में जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। मद्रास उच्च न्यायालय में पदोन्नत होने से पहले, उन्होंने चेन्नई में प्रधान जिला न्यायाधीश के रूप में कार्य किया।


