
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता तुषार मेहता को एक बार फिर भारत का सॉलिसिटर जनरल (एसजी) नियुक्त किया है। उनका नया कार्यकाल 1 जुलाई, 2026 से अगले तीन साल या अन्य आदेश जारी होने तक (इनमें से जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 20 जून को इस फैसले को मंजूरी दी। गुजरात से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ वकील तुषार मेहता देश के दूसरे सबसे बड़े विधि अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। वह 10 अक्टूबर, 2018 से इस पद पर हैं। इससे पहले उन्हें 1 जुलाई, 2023 को भी तीन साल के लिए दोबारा नियुक्त किया गया था। मेहता सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न उच्च न्यायालयों में अहम संवैधानिक व कानूनी मामलों में सरकार का पक्ष रखते रहे हैं।

