
डेस्क: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीवी एक्ट्रेस और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे‘ फेम संचिता उगले का निधन हो गया है। वह 30 साल की थीं। जानकारी के अनुसार, संचिता टेलीविजन और फिल्मों दोनों में अपने किरदारों के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने लोकप्रिय डेली सोप ‘कुमकुम भाग्य’, टीवी शो ‘वागले की दुनिया’ और विक्की कौशल स्टारर फिल्म ‘छावा’ में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने मशहूर फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में भी एक किरदार निभाया था।
घर में मिलीं मृत, पुलिस जांच जारी
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 7:30 बजे संचिता उगले अपने घर पर मृत पाई गईं। वह मुंबई के वसई इलाके में अपने परिवार माता-पिता और छोटी बहन के साथ रहती थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, उनकी मौत को लेकर शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट
खास बात यह है कि संचिता ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की थी, जिसमें वह खुश नजर आ रही थीं। उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री और फैंस में गहरा सदमा है। सहकर्मी और जानने वाले उन्हें एक मेहनती और प्रतिभाशाली कलाकार के रूप में याद कर रहे हैं।
पहले भी कर चुकी थीं सोशल मीडिया पर बात
साल 2025 में संचिता उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने ऑनलाइन इन्फ्लुएंसर मिशा अग्रवाल की आत्महत्या पर दुख जताया था। उन्होंने उस समय युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव और सोशल मीडिया की “वर्चुअल अप्रूवल” की चिंता को लेकर अपनी बात रखी थी।

