
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित संकोसाई एक नंबर रोड में रविवार देर रात दो बसों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बसें सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान एक बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दूसरी बस भी उसकी चपेट में आ गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय बसों में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

