ब्रिटेन में सिख महिला से दुष्कर्म मामले में आरोपी ने अपराध कबूला

ब्रिटेन में जॉन अश्बाय ने सिख महिला से दुष्कर्म मामले में अदालत में दोष स्वीकार किया, वॉल्सॉल की घटना से समुदाय में आक्रोश और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ी

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लंदन: ब्रिटेन में 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने सिख महिला से दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को अदालत में दोष स्वीकार कर लिया। आरोपी जॉन अश्बाय पर बर्मिंघम क्राउन कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। उसने वॉल्सॉल में एक सिख महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में यह स्वीकारोक्ति की। पिछले साल अक्टूबर में हुई इस घटना के कुछ दिनों बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी ने शुरू में यौन उत्पीड़न, गला घोंटने, नस्लीय शारीरिक हमले और लूट के आरोपों से इनकार किया था। सुनवाई के दौरान जूरी को बताया गया कि आरोपी ने युवती का बस स्टॉप से पीछा किया और उसके घर में घुसकर हमला किया। 25 अक्टूबर को हुई इस घटना के दौरान आरोपी ने युवती को गलत तरीके से मुस्लिम समझते हुए उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। अभियोजन पक्ष ने कहा कि करीब 20 वर्षीय पीड़िता ने बाथरूम का दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी जबरन अंदर घुस आया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि वह उसी बस में सवार था और फिर उसका पीछा करता हुआ घर तक पहुंचा। अदालत को बताया गया कि बाहर से आई किसी आवाज से घबराकर वह मौके से भाग गया और जाते समय पीड़िता के आभूषण और मोबाइल फोन भी ले गया। पीड़िता ने तुरंत अलार्म बजाया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ दिनों बाद शिनाख्त परेड में उसने आरोपी की पहचान की। स्थानीय पुलिस अधिकारी फिल डोल्बी ने कहा था कि इस घटना से समुदाय में भय और चिंता पैदा हुई है और पुलिस ने स्थानीय धार्मिक संस्थानों व समुदाय के नेताओं के साथ महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा की है। सुनवाई के दौरान, अदालत में सिख समुदाय के एक व्यक्ति द्वारा गुस्सा जाहिर करने के बाद न्यायाधीश ने मामले में सुनवाई को शुक्रवार तक स्थगित कर दिया, जब आरोपी को सजा सुनाई जानी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।