Ukraine-Russia War : स्कूल पर बरसे बम, अमोनिया गैस लीकेज से दहशत

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध (Ukraine-Russia War) के 26वें दिन मारियुपोल के स्कूल पर बम बरसाए गए।

स्कूल में शरण पाए 400 लोगों में से बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गयी है। सूमी में केमिकल प्लांट से अमोनिया गैस लीक हो जाने से दहशत का वातावरण बना हुआ है।

यूक्रेन पर रूस के हमले की आवृत्ति दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। रूसी सेनाएं यूक्रेनी शहरों के शरणस्थलों पर भी हमले कर रही हैं।

रूसी सेनाओं के भीषण हमले का शिकार मारियुपोल का ऑर्ट स्कूल भी हुआ है। उस स्कूल में 400 लोग शरण लिये हुए थे।

इसी बीच अचानक वहां बम बरसने लगे। कितने लोग जान बचा सके हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस बीच सूमी पर लगातार हवाई हमले जारी रहे। इस हवाई हमले की चपेट में आकर सूमी केमिकल प्लांट में अमोनिया गैस लीक हो गई।

सूमी ओब्लास्ट के गवर्नर दिमित्रो जियवेत्स्की ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे सुमीखिंप्रोम रासायनिक संयंत्र से अमोनिया का रिसाव हुआ।

उन्होंने कहा कि, इससे 2.5 किलोमीटर का क्षेत्र प्रभावित हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से तुरंत भूमिगत आश्रय लेने को कहा गया है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की ओर से सोमवार को बताया गया कि उत्तरी कीव में रूस व यूक्रेन की सेना के बीच जबरदस्त लड़ाई चल रही है।

शहर के उत्तर-पूर्व में यूक्रेनी सैनिकों ने रूस को रोक कर रखा है। यूक्रेनी सेना ने अजोव सागर में बना यूक्रेन का रेलवे ब्रिज खुद ही उड़ा दिया है। ऐसा रूसी सेनाओं को रोकने के लिए किया गया है।

Share This Article