
उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा हासिल कर रही मेधावी छात्राओं के लिए सरकार बड़ी योजना पर काम कर रही है। विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाली बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की तैयारी है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने संस्थानों से छात्राओं का शैक्षिक रिकॉर्ड मांगा है।
टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं का होगा चयन
सरकार की प्रस्तावित योजना के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ाई करने वाली छात्राओं में से टॉप पांच प्रतिशत का चयन किया जाएगा। खासतौर पर शैक्षिक सत्र 2025-26 में ग्रेजुएशन पूरा करने वाली उन छात्राओं की जानकारी जुटाई जा रही है, जिन्होंने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं।
80 प्रतिशत से ज्यादा अंक वालों का रिकॉर्ड जुटा
ग्रेजुएशन सेकंड ईयर की छात्राओं का भी डाटा मांगा गया है। इसमें 80 प्रतिशत से अधिक अंक या 8 से ज्यादा CGPA हासिल करने वाली छात्राओं को शामिल किया जा रहा है। इसके अलावा 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक और 8.5 या उससे ज्यादा CGPA पाने वाली छात्राओं का रिकॉर्ड भी विभाग को भेजा जा रहा है।
कम छात्र संख्या वाले कोर्स में भी मिलेगा मौका
इस योजना की खास बात यह है कि कम छात्र संख्या वाले पाठ्यक्रमों की मेधावी छात्राओं को भी लाभ से बाहर नहीं किया जाएगा। Bachelor of Vocational, Fine Arts समेत ऐसे कोर्स, जहां विद्यार्थियों की संख्या कम है, वहां टॉप पांच प्रतिशत का आंकड़ा एक से कम होने पर भी कम से कम एक सबसे मेधावी छात्रा को स्कूटी देने की तैयारी है।
रिकॉर्ड की होगी जांच, पोर्टल पर भी काम शुरू
उच्च शिक्षा विभाग को विभिन्न संस्थानों से प्राप्त आंकड़ों का सत्यापन करना होगा। इसके बाद पात्र छात्राओं की सूची तैयार की जाएगी। बताया जा रहा है कि रिजल्ट पोर्टल पर डाटा अपलोड करने और उसकी टेस्टिंग का काम भी शुरू हो चुका है।
पहले चरण में 50 हजार छात्राओं को लाभ!
इस योजना के लिए उच्च शिक्षा विभाग के पास करीब 400 करोड़ रुपये का बजट होने की जानकारी है। शुरुआती चरण में लगभग 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी दिए जाने की संभावना है। जरूरत पड़ने पर सरकार भविष्य में बजट बढ़ाकर योजना का दायरा भी बढ़ा सकती है।

