जमशेदपुर: लोक गायिका और दिवंगत स्वर कोकिला शारदा सिन्हा की संगीत विरासत को आगे बढ़ा रहीं उनकी बेटी वंदना सिन्हा छठ महापर्व के अवसर पर जमशेदपुर पहुंचेंगी। वह 15 नवंबर को सोनारी स्थित दोमुहानी छठ घाट पर आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगी।

कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू होगा। इस दौरान वंदना सिन्हा छठ के पारंपरिक और भावपूर्ण लोकगीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ेंगी।

शारदा सिन्हा के छठ गीत आज भी देशभर में महापर्व की पहचान बने हुए हैं। घाटों से लेकर घरों तक उनके गीतों की गूंज सुनाई देती है। ऐसे में उनकी बेटी वंदना सिन्हा की प्रस्तुति जमशेदपुर के श्रद्धालुओं और लोकसंगीत प्रेमियों के लिए खास आकर्षण होगी।
इस कार्यक्रम के जरिए श्रद्धालुओं को शारदा सिन्हा के यादगार छठ गीतों और उनकी संगीत विरासत की एक बार फिर झलक देखने-सुनने को मिलेगी।


