गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर गूंजा वासेपुर, फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को अपराधियों ने मारी गोली

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: धनबाद के कोयलांचल क्षेत्र वासेपुर में शनिवार देर रात अचानक गोलियों की आवाज से सन्नाटा टूट गया। बाइक सवार बदमाशों ने जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे इकबाल खान मस्जिद से इबादत कर घर लौट रहे थे। उनके साथ उनका अंगरक्षक और ड्राइवर बबली भी था। इसी दौरान उन्हें शक हुआ कि कुछ संदिग्ध लोग उनका पीछा कर रहे हैं। खतरे को भांपते हुए इकबाल खान तुरंत फहीम मार्केट के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए।

बाइक सवार बदमाशों ने मारी टक्कर फिर बरसाईं गोलियां

बताया जा रहा है कि अंगरक्षक और ड्राइवर बबली संदिग्ध लोगों की पहचान करने के लिए बाहर निकले। जैसे ही वे अली नगर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने बबली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली बबली की पीठ में जा लगी।गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भूली की ओर फरार हो गए।

हालत गंभीर, दुर्गापुर रेफर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल बबली को असर्फी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

गैंगवार के एंगल से जांच

घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस इस हमले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।