
डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए अब बस दो दिन बाकी हैं। मतदान की तैयारियां प्रशासन ने पूरी कर ली हैं, लेकिन इसका असर सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं है, पड़ोसी राज्य झारखंड में भी इसका असर साफ दिख रहा है, खासकर बॉर्डर इलाकों में। अगर आप जाम छलकाने के शौकीन हैं, तो इस दौरान आपको परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
48 घंटों के लिए ड्राई डे घोषित
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में मंगलवार से लेकर गुरुवार शाम 6 बजे तक शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। इन इलाकों में 48 घंटे का ड्राई डे लागू किया गया है। इस संबंध में धनबाद के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 23 अप्रैल को मतदान होना है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बंगाल से सटे झारखंड के इलाकों में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एहतियात के तौर पर ये सख्त कदम उठाए गए हैं।

