बंगाल में भारी बारिश, दार्जिलिंग में भूस्खलन

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता : ओडिशा के आंतरिक हिस्सों के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में शुक्रवार को बहुत भारी बारिश हुई और दार्जिलिंग जिले में भूस्खलन हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक राज्य के कई हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है।
जिलाधिकारी हरिशंकर पाणिकर ने बताया कि भूस्खलन तड़के करीब तीन बजे हुआ जिससे तकदाह ग्रामीण अस्पताल प्रभावित हुआ। इसमें एक मरीज के परिजन को मामूली चोट आई।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा कि घटना में किसी भी मरीज को चोट नहीं लगी और कुछ ही देर बाद सभी मरीजों को जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि दार्जिलिंग जिले के कुछ अन्य स्थानों पर भी भूस्खलन हुए, लेकिन मलबा जल्द हटा दिया गया और ज्यादातर सड़कें यातायात के लिए खुली रहीं। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में दार्जिलिंग में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक थी। वहीं कालिम्पोंग में 113 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग में भारी से बहुत भारी बारिश और उसके बाद रविवार तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भी इसी तरह के मौसम की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में भूस्खलन की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तक पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आंकड़ों के अनुसार, सिलीगुड़ी में 84 मिमी, बागडोगरा में 80 मिमी, मेदिनीपुर में 74 मिमी, कलाईकुंडा में 54 मिमी और पुरुलिया में 56 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोलकाता में 36 मिमी और पड़ोसी जिले दमदम में 32 मिमी बारिश हुई।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।