27 नवंबर को सिनेमाघरों में दो नई हिंदी फिल्में रिलीज हुई हैं। एक ओर सूरज आर बड़जात्या की रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘ये प्रेम मोल लिया’ है, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिका में हैं। वहीं, दूसरी ओर इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर ‘गनमास्टर जी9’ दर्शकों के बीच पहुंची है। दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। इन फिल्मों के सामने रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ भी चुनौती बनी हुई है।

गनमास्टर जी9 से इमरान हाशमी की वापसी
इमरान हाशमी की फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ एक एक्शन रोमांस थ्रिलर है, जिसका निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। फिल्म में इमरान के साथ जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना और अवनीत कौर अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।
ये प्रेम मोल लिया में दिखेगा राजश्री का पारिवारिक अंदाज
सूरज आर बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा है। इसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल में हैं। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इसका निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से किया है।
तरण आदर्श ने दिए 4 स्टार, बताया दिल छू लेने वाली फिल्म
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ‘ये प्रेम मोल लिया’ को पांच में से चार स्टार दिए हैं। उन्होंने फिल्म को दिल को छू लेने वाला बताया। उनके मुताबिक, सादगी, ईमानदारी, पवित्रता, अच्छाई और परंपराओं के साथ सूरज बड़जात्या ने राजश्री शैली को खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। उन्होंने इसे एक मनोरंजक और पारिवारिक फिल्म बताते हुए कहा कि यह धीरे-धीरे दर्शकों को अपनी ओर खींचती है।
क्रिस्टोफर कनगराज ने बताया औसत फैमिली एंटरटेनर
फिल्म एनालिस्ट क्रिस्टोफर कनगराज ने फिल्म की 90 के दशक वाली शैली, संगीत, रंगीन दृश्यों और कलाकारों के अभिनय की तारीफ की है। उन्होंने शरवरी की खूबसूरती और अभिनय को शानदार बताया। हालांकि, उनके अनुसार पहला हाफ अच्छा है, जबकि दूसरा हाफ औसत है। उन्होंने फिल्म को भावनात्मक रूप से प्रभावशाली, लेकिन औसत पारिवारिक मनोरंजन बताया।
दर्शकों को पसंद आई फिल्म, रोमांस पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर एक दर्शक ने फिल्म को अच्छी पारिवारिक मनोरंजक फिल्म बताया। हालांकि, उसे आयुष्मान और शरवरी के किरदारों के बीच रोमांस कुछ जल्दबाजी में आगे बढ़ता हुआ लगा। दर्शक के मुताबिक, दोनों किरदारों को एक-दूसरे को समझने के लिए थोड़ा और समय मिलना चाहिए था। इसके बावजूद उसने फिल्म को देखने लायक बताया। फिल्म को दक्षिण भारत के कुछ सिनेमाघरों में अंग्रेजी सबटाइटल के साथ भी दिखाया जा रहा है।


