
Road Accident : बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर बारलोंग चौक के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 22 वर्षीय निखिल कुमार महतो की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, निखिल सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर के पास टहल रहा था।
तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
युवक की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण शव को लेकर घटनास्थल पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और लोगों को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की।
बाद में प्रशासन, पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद परिजनों को सरकारी सहायता और मुआवजा देने का लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब चार घंटे बाद सुबह 10 बजे जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश जारी है।

