ठनका गिरने से फॉरेस्ट गार्ड की मौत, दो कर्मी घायल; परिवार में मचा कोहराम

खूंटी वन प्रमंडल में वज्रपात से फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि दो वनकर्मी घायल हुए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम और पूरे क्षेत्र में शोक

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Forest guard Death : रविवार दोपहर तेज बारिश और वज्रपात के बीच एक दर्दनाक हादसे में खूंटी वन प्रमंडल में कार्यरत फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव (32) की ठनका (वज्रपात) की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य वनकर्मी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनाहातू थाना क्षेत्र के काला महादेव के समीप हाथियों से बचाव के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण करने रोशन श्रीवास्तव अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के बीच जोरदार वज्रपात हुआ। ठनका की चपेट में आने से रोशन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी भी झुलस गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोशन श्रीवास्तव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल दो वनकर्मियों का इलाज जारी है।

बताया जाता है कि रोशन श्रीवास्तव बुंडू नगर के निवासी थे और वर्तमान में बुंडू वन कार्यालय में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत थे। उनका विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था तथा उनकी दो वर्ष की एक पुत्री है। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।