मुंबई में नए साल 2022 की पार्टियों पर प्रतिबंध, 7 जनवरी तक निषेधाज्ञा लागू

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई में कोरोना के प्रसार के मद्देनजर नववर्ष की पार्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

साथ ही गुरुवार की रात 12 बजे से 7 जनवरी तक मुंबई में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान सभी कार्यक्रम रद्द करने का भी आदेश जारी किया गया है।

मुंबई पुलिस आयुक्त ने धारा 144 लागू करने के साथ ही सभी होटलों के प्रत्येक दिन के सीसीटीवी फुटेज को जांचने का आदेश भी सभी पुलिस स्टेशनों को दिया है।

मुंबई में लगे प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई का भी आदेश जारी किया गया है।

मुंबई नगर निगम के आयुक्त इकबाल चहल ने पत्रकारों को बताया कि शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है, इसलिए नागरिकों को कोरोना नियमावली का खुद पालन करना आवश्यक है।

मुंबई नगर निगम ने कोरोना से निपटने की पूरी तैयारी कर रखा है और अस्पतालों के बेड उपलब्ध हैं। ओमिक्रोन संक्रमित भी बड़े पैमाने पर स्वस्थ हो रहे हैं।

कोरोना संक्रमितों के इलाज की पूरी व्यवस्था है लेकिन इसके संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों की जागरुकता ही जरुरी है। इसलिए लोगों को कोरोना नियमावली का पालन करना आवश्यक है।

महापौर किशोरी पेडणेकर ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर लोगों को सावधान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रोन वेरिएंट का प्रसार कोरोना के दूसरे वेरिएंट से तीन गुना अधिक है, इसलिए लोगों को डरने की बजाय सावधान रहना जरूरी है।

किशोरी पेडणेकर ने कहा कि मुंबई नगर निगम का प्रशासन हर स्तर पर पूरी तैयारी से काम कर रहा है। उन्होंने मुंबई वासियों को घर में ही नववर्ष मनाने की अपील की है।

Share This Article