रांची में जमीन पर कब्जा को लेकर दो पक्षों में हुई झड़प, हथियारों से लैस थी सैकड़ों की भीड़, कई घायल

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: लालपुर थाना क्षेत्र के करम टोली चौक के पास गुरुवार को दो पक्षों में जमकर झड़प हुई। सैकड़ों की संख्या में परंपरागत हथियारों से लैस भीड़ ने आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।

इस दौरान जमीन की घेराबंदी को तोड़ दिया गया। इसके साथ ही जमीन पर कब्जा करने पहुंचे लोगों ने पत्थरबाजी की। इसमें एक पक्ष के 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार झड़प के पीछे मुख्य वजह शहर के बीचों-बीच स्थित करोड़ों की जमीन है। लालपुर थाना क्षेत्र के करम टोली चौक के पास चंदन मुंडा की दो एकड़ जमीन है।

इसपर झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद चंदन का कब्जा हुआ था। कब्जा मिलने के बाद चंदन मुंडा ने पूरे जमीन की घेराबंदी की।

लेकिन जमीन पर भू माफियाओं की भी नजर थी। भू माफिया लगातार जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन भू माफिया इसमें सफल नहीं हो पा रहे थे।

जमीन मालिक चंदन मुंडा ने बताया कि करम टोली के रहने वाले संजू मुंडा, संजू हेम्ब्रम, बबलू मुंडा, प्रेम शाही मुंडा और अजय तिर्की एक साजिश के तहत उनकी जमीन पर कब्जा करना चाह रहे हैं।

गुरुवार को अजय तिर्की 200 से अधिक संख्या में नकाबपोश लोगो को अपने साथ लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। इसमें ज्यादा संख्या महिलाओं की थी।

जमीन पर कब्जा करने पहुंचे लोगों ने पहले पत्थरबाजी शुरू की और जमीन की घेराबंदी को तोड़ दिया। इस दौरान भीड़ की ओर से जमकर उत्पात मचाया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तोड़फोड़ कर रहे लोगों को खदेड़ा।

इस दौरान पुलिस को लाठीचार्च भी करना पड़ा। इसके साथ ही पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जमीन पर कब्जा करने पहुंचे लोगों की ओर से पत्थरबाजी की गई। इसमें चंदन मुंडा के पक्ष के एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा हैं।

मौके पर लालपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हुई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़ दिया।

इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिली है। शिकायत में कई लोगों के नाम है।

उनपर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वीडियो फुटेज के आधार पर उत्पातियों की पहचान की जा रही है। उसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

मामले को लेकर सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जमीन विवाद को लेकर यह कार्य किया गया है दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article