लोहरदगा में एक और नक्सली मुठभेड़, एक नक्सली के मारे जाने की खबर

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल में पिछले दस दिनों से जारी अभियान के दौरान शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में एक और नक्सली के मारे जाने की सूचना मिल रही है।

फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान के दौरान दो दिन पूर्व मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी कुख्यात नक्सली बालक गंझू मारा जा चुका है।

अभियान में कोबरा बटालियन व पुलिस के जवान जुटे हैं। एएसपी अभियान दीपक कुमार पांडे की अगुवाई में जवान नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चला रहे हैं।

बताया जाता है कि पुलिस के सूचना है कि इस इलाके में कुख्यात रवींद्र गंझू छिपा हुआ है। इसी सूचना के मद्देनजर सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।

अब तक सर्च अभियान के दौरान घटी घटना

-10 फरवरी को सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई थी। दोनों ओर से लगभग 50 राउंड गोलियां चली थीं।

-11 फरवरी को सर्च अभियान के दौरान सुबह जंगल में आइइडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान दिलीप कुमार और नारायण दास घायल हो गये, जिन्हें एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया।

-12 फरवरी को बुलबुल के जंगल में फिर एक आइइडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें कोबरा बटालियन के तोमिन कुमार घायल हो गये, उन्हें भी एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया।

-13 फरवरी को सर्च अभियान और तेज किया गया, जिसमें सुबह-सुबह पुलिस और नक्सलियों में फिर एक बार गोलीबारी हुई।

इसमें दोनों ओर से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में पुलिस को नक्सलियों के हथियार, गोली सहित कई विस्फोटक सामान मिले।

-14 फरवरी को पुलिस ने संयुक्त रूप से बुलबुल जंगल के साथ अलग-अलग जगहों घघरी, गोताक और लातेहार सीमावर्ती क्षेत्रों के मराइन जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इसमें नक्सलियों के बंकर मिले।

-15 फरवरी को पुलिस ने फिर से लातेहार पुलिस के साथ मिल कर सीमावर्ती क्षेत्र के जंगलों में सर्च अभियान चलाया।

इसमें सीमावर्ती क्षेत्र गोविंदपुर जंगल में नक्सलियों और पुलिस के बीच फिर एक बार मुठभेड़ हुई, जहां नक्सलियों को फिर से बुलबुल के जंगलों की ओर खदेड़ा गया।

-16 फरवरी को पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली बालक गंझू की मौत हो गई।

Share This Article