ओडिशा में पंचायत चुनावों में BJD की शानदार जीत

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भुवनेश्वर: ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) पंचायत चुनावों में शानदार जीत की ओर अग्रसर है।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के अधिकारियों के अनुसार, 315 जिला परिषद क्षेत्रों के लिए मतगणना शनिवार को शुरू हुई जबकि 305 जिला परिषद क्षेत्रों की मतगणना रविवार को जारी है। शेष जिला पंचायत क्षेत्रों की मतगणना 28 फरवरी को होगी।

मतगणना के पहले दिन 315 जिला परिषद क्षेत्रों में से 300 जोन के अंतिम परिणाम आ चुके हैं जिनमें भारी जीत दर्ज करते हुए बीजद ने 268 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और वह केवल 14 सीटें जीतने में सफल रही है।

कांग्रेस को भी 14 सीटों पर जीत मिली हैं। आयोग के अधिकारियों ने कहा कि दो निर्दलीय और दो अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने जिला परिषद सीटों पर जीत हासिल की है।

रविवार दोपहर 2 बजे तक 305 सीटों पर मतगणना चल रही थी और इसमें बीजद 253 सीटों पर, बीजेपी 23 पर, कांग्रेस 16 और अन्य 4 सीटों पर आगे चल रहे थे। वर्ष 2017 में बीजद ने 476 सीटों पर जीत हासिल की थी।

ओडिशा में पंचायत चुनाव पांच चरणों में 16, 18, 20, 22 और 24 फरवरी को हुए थे और इनमें कुल 2.2 लाख उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने पहले ही 36,523 वार्ड सदस्यों, 126 सरपंचों, 326 समिति सदस्यों और एक जिला परिषद सदस्य के निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा कर दी थी।

Share This Article