उज्जैन में महाशिवरात्रि पर क्षिप्रा के तट पर प्रज्जवलित होंगे 21 लाख दीप

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भोपाल: महाशिवरात्रि के मौके पर महाकाल की नगरी उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस दिन यहां 21 लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।

यह दीप मां क्षिप्रा के तट पर, देवस्थानों, मंदिरों और नगर में घर-घर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहेगी। क्षिप्रा नदी के तट पर दोनों ओर 13 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त नगर के देवस्थल महाकाल मंदिर, मंगलनाथ मंदिर काल भैरव मंदिर, गढ़ कालिका, सिद्धवट, हरसिद्धि मंदिर, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। घरों में भी पांच-पांच दीप प्रज्वलित करेंगे। नागरिकों द्वारा उज्जैन नगर निगम के माध्यम से संकल्प पत्र भी भरे गए हैं।

डॉ यादव ने बताया कि शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव में व्यापक संपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को जोड़ा गया है। लगभग 17 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने पंजीयन कराया है।

इनमें विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, खिलाडी, व्यवसायिक एवं सामाजिक संगठन, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, सभी अखाड़ों के संतगण, शामिल है।

उन्होंने बताया कि प्रमुख आयोजन स्थल रामघाट पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था के लिए ब्लॉक और सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में स्वयंसेवकों को नियुक्त किया गया है।

इनके साथ पर्यवेक्षक भी रहेंगे। इस कार्यक्रम को रिकॉर्ड के रूप में दर्ज करने के लिए गिनीज वल्र्ड रिकार्डस की टीम भी उज्जैन पंहुच चुकी है। पिछले वर्ष अयोध्या में 9.41 लाख दीप प्रज्वलित कर रिकॉर्ड बनाया गया था।

Share This Article